लातेहार में केंद्रीय राज्य मंत्री ने किया ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का निरीक्षण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

लातेहार :  केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री (HMOS) ने अपने लातेहार प्रवास के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र स्थित प्राथमिक, द्वितीयक एवं तृतीयक ठोस अपशिष्ट पृथक्करण (सॉलिड वेस्ट सेग्रिगेशन) इकाई का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कचरा प्रबंधन की संपूर्ण व्यवस्था, अपशिष्ट के पृथक्करण, प्रसंस्करण एवं निस्तारण की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए वैज्ञानिक एवं आधुनिक कचरा प्रबंधन प्रणाली अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने नगर पंचायत द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर बल दिया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने ठोस अपशिष्ट पृथक्करण इकाई परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण, हरित विकास और जलवायु संरक्षण का महत्वपूर्ण संकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता एक-दूसरे के पूरक हैं तथा दोनों के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाना समय की आवश्यकता है। इस दौरान उप विकास आयुक्त  सैयद रियाज अहमद, अनुमंडल पदाधिकारी  दिनेश कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष  महेश सिंह, नगर प्रशासक  राजीव कुमार,  श्रेयांस कुमार,  राकेश दुबे, मुकेश पाण्डेय,  विष्णु गुप्ता सहित नगर पंचायत के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए लातेहार को स्वच्छ, हरित एवं आदर्श नगर बनाने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.