भाजपा के आरोपों पर झामुमो का पलटवार कल लातेहार में प्रेस वार्ता करेंगे सौरभ श्रीवास्तव, भाजपा-झामुमो बीच राजनीतिक जंग तेज़।

लातेहार :  झारखंड की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी और सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच जारी आरोप-प्रत्यारोप अब लातेहार में भी तेज होता दिखाई दे रहा है।हाल ही में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता लाल प्रतुलनाथ शाहदेव और लातेहार के माननीय विधायक प्रकाश राम के द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में हेमंत सोरेन सरकार पर लगाए गए विभिन्न आरोपों के बाद अब झामुमो ने भी आधिकारिक रूप से जवाब देने की तैयारी कर ली है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के लातेहार जिला अध्यक्ष लाल मोतीनाथ शाहदेव के निर्देशानुसार पार्टी के नेता सौरभ श्रीवास्तव शनिवार को जिला मुख्यालय लातेहार में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे।पार्टी के अनुसार, इस प्रेस वार्ता में भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों का बिंदुवार एवं तथ्यात्मक जवाब प्रस्तुत किया जाएगा।

झामुमो का कहना है कि हाल के दिनों में भाजपा नेताओं द्वारा हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार, प्रशासनिक समन्वय की कमी, दूरदर्शिता के अभाव तथा अन्य विषयों को लेकर लगाए गए आरोप निराधार हैं।पार्टी का दावा है कि इन सभी मुद्दों पर तथ्य एवं प्रमाणों के साथ अपना पक्ष रखा जाएगा।
प्रेस वार्ता की जानकारी देते हुए झामुमो नेता सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि जनादेश से बनी लोकप्रिय सरकार की छवि को झूठे और भ्रामक आरोपों के माध्यम से धूमिल करने का प्रयास भाजपा की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा तथ्यों के आधार पर प्रत्येक आरोप का जवाब देगा और राज्य सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत संरचना, सामाजिक सुरक्षा तथा जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्यों को भी जनता के सामने रखेगा।उन्होंने कहा, “लातेहार नीलांबर-पीतांबर की क्रांतिकारी धरती है। यहां जनता के जनादेश का सम्मान सर्वोपरि है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष को प्रश्न पूछने का अधिकार है, लेकिन तथ्यों से परे जाकर भ्रम फैलाने का प्रयास स्वीकार्य नहीं है। झामुमो हर मिथ्या आरोप का जवाब तथ्यों और प्रमाणों के साथ देगा।”झामुमो द्वारा प्रेस वार्ता की घोषणा के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। राजनीतिक हलकों में इस बात को लेकर उत्सुकता बनी हुई है कि भाजपा के आरोपों पर झामुमो किस प्रकार अपना पक्ष रखेगा। सौरभ की आक्रामक राजनीतिक शैली को देखते हुए यह माना जा रहा है कि शनिवार को होने वाली यह प्रेस वार्ता जिले की राजनीति में नई बहस को जन्म दे सकती है और आने वाले दिनों में दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो सकती है। बहरहाल झामुमो के प्रेस वार्ता की घोषणा के बाद से ही लोग बेसब्री से इस सनसनीख़ेज़ प्रेस वार्ता का इंतज़ार कर रहे हैं।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.