34.5 लाख की सड़क में खेल..हथौड़े से तुड़वाई पीसीसी तो निकली मात्र 3 इंच, भड़कीं जिप अध्यक्ष

लातेहार :    गारू प्रखंड के मयापुर में एनआरईपी द्वारा पीडब्ल्यूडी मुख्य सड़क से सुग्गाबांध तक लगभग ₹34.5 लाख की लागत से बन रही पीसीसी सड़क निर्माण में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। गुरुवार को जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी एवं गारू जिप सदस्य जीरा देवी ने कार्यस्थल का औचक निरीक्षण किया, जिससे निर्माण की घटिया गुणवत्ता की पोल खुल गई।

संदेह होने पर जनप्रतिनिधियों ने जब निर्माण किए जा रहे पीसीसी के किनारे को हथौड़े से तुड़वाकर जांच कराई, तो नई पीसीसी ढलाई मात्र 3 इंच ही पाई गई। प्राक्कलन के नियमों को ताक पर रखकर, पुरानी सड़क के दोनों ओर के फ्लैंक को खोदकर, 3 इंच पुराना और 3 इंच नया मिलाकर कुल 6 इंच की मोटाई का धोखा दिया जा रहा था। जिप सदस्य जीरा देवी ने कहा कि नियमानुसार पहले सड़क की सफाई और बेस तैयार होना चाहिए। इसके अलावा डॉवेल बार, टाई रॉड, जॉइंट, सीलेंट और क्योरिंग जैसे सभी तकनीकी मानकों का पालन अनिवार्य है, जिसे यहाँ पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया।
इस धांधली को देखकर जिप अध्यक्ष पूनम देवी भड़क गईं। उन्होंने कार्यस्थल से ही एनआरईपी के जेई को फोन कर जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि सरकारी राशि से बनने वाली योजनाओं में गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। पूरे निर्माण कार्य को स्वीकृत एस्टिमेट के अनुरूप ही कराना होगा। यदि इस गड़बड़ी को तुरंत ठीक नहीं किया गया, तो संबंधित विभागीय अधिकारियों और संवेदक के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।

निरिक्षण के क्रम में जनप्रतिनिधियों नें हुदुगाड़ा विद्यालय का भी दौरा किया गया। वहां पेयजल की गंभीर समस्या सामने आई। विद्यालय में पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण मध्यान भोजन (मिड -डे -मिल )तैयार करने में रसोईया एवं विद्यालय प्रबंधन को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इस पर जिला परिषद अध्यक्ष नें सम्बंधित विभाग को शीघ्र पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का मांग की है. और  कहा की बच्चों की शिक्षा और पोषण सें जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.