महुआडांड़ पुटु- खुखड़ी चुनने गए जंगल में भालू के हमले से दो किशोर गंभीर घायल, बेहतर इलाज के लिए लातेहार रेफर

लातेहार :  महुआडांड़ प्रखंड के अंबवाटोली पंचायत अंतर्गत जरहाटोली गांव के समीप जंगल में पुटु एवं खुखड़ी चुनने गए दो किशोर भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान कमलेश नागेशिया (16 वर्ष) एवं गोधा मुंडा (18 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों युवक जंगल में पुटु और खुखड़ी चुन रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक जंगली भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उन्हें किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही अंबवाटोली पंचायत की मुखिया रोशनी कुजूर मौके पर पहुंचीं और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इस दौरान 108 एंबुलेंस सेवा के विलंब से पहुंचने पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं ने नाराजगी जताई। लोगों ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही वनपाल गुरु दयाल सिंह, प्रभारी वनपाल ओम प्रकाश पाल, वनकर्मी सुनील कुमार, झामुमो युवा जिला सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों का हौसला बढ़ाया। वन विभाग ने तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराते हुए वन्य प्राणी हमला मुआवजा योजना के तहत पीड़ितों को नियमानुसार सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। साथ ही विभाग एवं मुखिया रोशनी कुजूर ने लोगों से बरसात के मौसम में जंगल जाने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा अकेले जंगल में प्रवेश नहीं करने की अपील की।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.