टोरी रेलवे ओवरब्रिज की मांग को लेकर आजसू का हस्ताक्षर अभियान, 13 जुलाई को धरना का ऐलान

लातेहार : टोरी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग को लेकर शनिवार को आजसू पार्टी ने जिला अध्यक्ष अमित पांडेय के नेतृत्व में टोरी रेलवे क्रॉसिंग के समीप हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर आरओबी निर्माण के समर्थन में हस्ताक्षर किए और शीघ्र निर्माण की मांग उठाई। जिला अध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि टोरी रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण की मांग को लेकर 13 जुलाई को रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी कार्यक्रम की तैयारी के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें हजारों लोगों ने अपना समर्थन दर्ज कराया।

अमित पांडेय ने सरकार और जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि टोरी आरओबी का मुद्दा वर्षों से लंबित है, लेकिन आज तक इसका समाधान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि चतरा सांसद कालीचरण सिंह आरओबी निर्माण में देरी के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते हैं, जबकि राज्य सरकार केंद्र सरकार पर आरोप लगा रही है। दोनों सरकारों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि टोरी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज नहीं होने के कारण रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहता है, जिससे घंटों जाम लगा रहता है। इसका सबसे अधिक खामियाजा मरीजों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम यात्रियों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि कई गंभीर मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सके, जिससे जान तक जाने की घटनाएं सामने आई हैं। आजसू पार्टी ने सरकार से टोरी रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य अविलंब शुरू कराने की मांग की है। पार्टी के जिला प्रवक्ता संजीव कुमार ने कहा कि जब तक आरओबी निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष विजेन्द्र दास, पंकज जायसवाल, मीडिया प्रभारी अमित विश्वकर्मा, चंदवा प्रखंड अध्यक्ष राजा दुबे, गोलू कुमार सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.