भवन निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप, ग्रामीणों ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
लावालौंग : प्रखंड क्षेत्र की सिलदाग पंचायत में निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र के भवन निर्माण कार्य में अनियमितता एवं घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी विपिन कुमार भारती को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन निर्माण में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है, जिससे निर्माणाधीन भवन की गुणवत्ता और मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते इसकी जांच नहीं हुई तो हम आंदोलन करने पर विवश हो जाएंगे। ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य को रोककर उसकी निष्पक्ष जांच कराकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन पर पंचायत प्रतिनिधियों सहित कई दर्जन ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। आवेदन की प्रतिलिपि उपायुक्त चतरा, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया तथा अंचल अधिकारी लावालौंग को भी भेजी गई है। पंचायत समिति सदस्य रीना देवी और मुखिया कशीदा देवी ने आरोप लगाया कि संवेदक स्वयं कार्य नहीं कराकर किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से भवन निर्माण करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घटिया सामग्री के उपयोग और वित्तीय अनियमितताओं के कारण भवन की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। वहीं, संवेदक मोहम्मद इम्तियाज ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि शिकायत करने वाले सभी ग्रामीण उनसे जलते हैं, तथा स्थानीय लोगों को कार्य नहीं मिलने का मलाल है। इसी कारण उनके निर्माण कार्य को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। इधर, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी विपिन कुमार भारती ने बताया कि भवन निर्माण में अनियमितता संबंधी आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : मो0 साजिद
No Previous Comments found.