"तेतरियाखाड़ परियोजना में CCL पर्दे के पीछे दोहरी चाल चल रही है" – राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम का बड़ा हमला

लातेहार :  तेतरियाखाड़ परियोजना बंद होने से ट्रक मालिकों और श्रमिकों के सामने उत्पन्न संकट को लेकर राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने सीसीएल प्रबंधन पर तीखा हमला बोला है। ट्रक मालिकों से ज्ञापन प्राप्त करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि परियोजना बंद रहने से हालात बेहद चिंताजनक हो गए हैं और हजारों परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने कहा कि "यह बात बिल्कुल सही है कि ट्रक मालिकों के सामने गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। लोग अपने वाहनों की बैंक किस्त तक नहीं चुका पा रहे हैं। हजारों युवा बेरोजगार हो गए हैं और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।"उन्होंने कहा कि जब तेतरियाखाड़ कोलियरी शुरू हुई थी, तब जमीन मालिकों के साथ स्पष्ट समझौता हुआ था कि स्थानीय लोगों के ट्रकों का परिचालन कराया जाएगा। लेकिन आज यदि सीसीएल उस समझौते से पीछे हट रही है, तो यह बेहद चिंता का विषय है।
सीसीएल प्रबंधन पर निशाना साधते हुए सांसद ने कहा कि "कंपनी पर्दे के पीछे से दोहरी चाल चल रही है। स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।"बैद्यनाथ राम ने सीसीएल के महाप्रबंधक (जीएम) भूपेंद्र मिश्रा से आग्रह करते हुए कहा कि तेतरियाखाड़ परियोजना को जल्द से जल्द पुनः चालू किया जाए और स्थानीय ट्रकों का परिचालन पहले की तरह सुचारु रूप से शुरू कराया जाए, ताकि ट्रक मालिकों, चालकों, उपचालकों और श्रमिकों को दोबारा रोजगार मिल सके।उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे को सीसीएल प्रबंधन और संबंधित मंत्रालय के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों के साथ हुए समझौते का सम्मान हो और हजारों प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.