चकला पंचायत के कई टोले आज भी पुल के इंतजार में, बरसात में ठप हो जाता है आवागमन

लातेहार - चंदवा प्रखंड की चकला पंचायत में विकास के दावों की हकीकत आज भी नगर नदी पर पुल नहीं बनने से साफ दिखाई देती है। चकला पूरण टोली से चोटरो कुसुम टोली,अराधे भुसार देवी मंडप,नवा टोली,अम्बा ताड़,अरंडिया ताड़ और भीखू टोली को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर स्थित मंगरदाह में बहने वाली नगर नदी पर पुल नहीं होने से हजारों ग्रामीण वर्षों से भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पुराना टोली और कुसुम टोली के बीच बहने वाली नगर नदी इस क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है। बरसात शुरू होते ही नदी उफान पर आ जाती है और दो से तीन दिनों तक आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है। मजबूरी में लोग अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार करते हैं। कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा बरसात में  ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई वर्षों से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से गुहार लगाई जा रही है, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार,विधानसभा चुनाव के दौरान वर्तमान विधायक प्रकाश राम भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने नदी की स्थिति देखने के बाद ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि यहां हर हाल में पुल का निर्माण कराया जाएगा,लेकिन चुनाव बीतने के बाद यह वादा अब तक अधूरा है।

बरसात के दिनों में सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को होती है। प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं इसी रास्ते से चंदवा स्थित स्कूलों में पढ़ने जाते हैं। नदी में पानी बढ़ने पर बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और कई दिनों तक उन्हें स्कूल नहीं जा पाता। अभिभावकों को हर समय बच्चों की सुरक्षा की चिंता सताती रहती है। इतना ही नहीं,यदि किसी मरीज को अचानक अस्पताल ले जाना हो या किसी घर में शादी-विवाह जैसा कार्यक्रम हो,तो लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। वाहन नदी पार नहीं कर पाते,जिससे कई बार लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है या फिर लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि नगर नदी पर अविलंब पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि चकला पंचायत के हजारों लोगों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि पुल बन जाने से वर्षों पुरानी समस्या समाप्त होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध हो सकेंगी। अब ग्रामीणों की निगाहें सरकार और जनप्रतिनिधियों पर टिकी हैं कि आखिर उनका यह वर्षों पुराना सपना कब पूरा होगा। मौके पर मनोज तुरी प्रभु तुरी सहजन तुरी बंधन मुंडा श्याम मुंडा रामू  मुंडा रामदास मुंडा समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे

रिपोर्टर - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.