ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप: छात्राओं ने दुगिला गांव में खोजे ग्रामीण नवाचार और पारंपरिक ज्ञान

लातेहार :  ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप 2026 के तहत बनवारी साहू महाविद्यालय की छात्राओं ने मंगलवार को चंदवा प्रखंड के दुगिला गांव का दौरा कर ग्रामीण नवाचार, पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय जीवनशैली का अध्ययन किया। यह सर्वेक्षण मेंटर नवल किशोर प्रसाद के नेतृत्व तथा मेंटर्स ऑफ मेंटर्स कुमार सौरभ (रांची) के मार्गदर्शन में किया गया। दौरे के दौरान कविता कुमारी, आरती कुमारी, कविता कुमारी एवं उषा कुमारी ने ग्रामीणों से संवाद कर औषधीय पौधों के उपयोग, पारंपरिक चिकित्सा पद्धति, पौधों की सुरक्षा, हस्तशिल्प, स्थानीय सामाजिक परंपराओं तथा ग्रामीण नवाचारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्रित कीं। साथ ही इन पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों से ग्रामीण समाज को मिलने वाले लाभों का भी दस्तावेजीकरण किया गया। मेंटर नवल किशोर प्रसाद ने बताया कि ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप के तहत उनके नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया है। पहली टीम अपना सर्वेक्षण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर रिपोर्ट जमा कर चुकी है, जबकि दूसरी टीम वर्तमान में गांवों का भ्रमण कर अध्ययन कर रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि दूसरी टीम भी पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ अपना कार्य पूरा करेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में छिपे नवाचारों और पारंपरिक ज्ञान को सामने लाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी। उन्होंने कहा कि इस इंटर्नशिप का उद्देश्य केवल सर्वेक्षण करना नहीं, बल्कि ग्रामीण समाज में मौजूद पारंपरिक ज्ञान, स्थानीय तकनीक और नवाचारों को पहचानकर उन्हें व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करना है, ताकि भविष्य में इनका उपयोग समाज और विकास की मुख्यधारा में किया जा सके।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.