हेरहंज में कांग्रेस का बूथ निरीक्षण, हर पात्र मतदाता का नाम सूची में जोड़ने पर जोर
लातेहार : हेरहंज। लातेहार जिले के हेरहंज प्रखंड में कांग्रेस पार्टी की ओर से बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) एवं बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के बीच समन्वय और मतदाता सूची के मिलान कार्य का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कांग्रेस के जिला एवं विधानसभा प्रभारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदाता सूची के सत्यापन कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण टीम में लातेहार जिला प्रभारी निरंजन पासवान, लातेहार विधानसभा प्रभारी निशांत प्रकाश जायसवाल, मनिका विधानसभा प्रभारी पप्पू अजर, जितेंद्र तिवारी, जिला अध्यक्ष कामेश्वर यादव, हेरहंज प्रखंड अध्यक्ष लाडले खान, समाजसेवी दामोदर तुरी, मंडल अध्यक्ष रंजीत गंझू, अरुण कुमार तुरी एवं टुन्नू राम शामिल रहे। नेताओं ने बूथों पर चल रहे मतदाता सूची मिलान कार्य का निरीक्षण करते हुए बीएलए और बीएलओ से जानकारी ली। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि मतदाता सूची का सत्यापन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने या गलत दर्ज होने की संभावना न रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए बीएलए और बीएलओ के बीच बेहतर समन्वय और नियमित संवाद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर मतदाता सूची के सत्यापन अभियान में सहयोग करें और पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल कराने के लिए जागरूकता फैलाएं। नेताओं ने विश्वास जताया कि पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाएगी।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.