19 जुलाई को लातेहार में राजद का शक्ति प्रदर्शन, कार्यकर्ता सम्मेलन में गूंजेंगे ओबीसी आरक्षण और जनहित के मुद्दे

लातेहार :  राष्ट्रीय जनता दल (राजद) आगामी 19 जुलाई को लातेहार के टाउन हॉल में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करेगा। सम्मेलन को लेकर जिले की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टी इसे संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक न्याय, ओबीसी आरक्षण और जनहित के मुद्दों को धार देने का महत्वपूर्ण मंच मान रही है।

राजद के जिलाध्यक्ष रामप्रवेश यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव सहित कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि राजद झारखंड में ओबीसी आरक्षण को शून्य किए जाने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी और राज्य में पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की मांग करेगी। इसके साथ ही खतियानी से जुड़ी त्रुटियों को दूर करने, स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा तथा आम जनता से जुड़े विभिन्न जनहित के सवालों को भी सम्मेलन में मजबूती से उठाया जाएगा।

रामप्रवेश यादव ने कहा कि राजद हमेशा सामाजिक न्याय, समान अधिकार और पिछड़े वर्गों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से संगठन को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे गांव-गांव तक पार्टी की विचारधारा और जनसरोकारों को पहुंचा सकें।

पार्टी नेताओं का मानना है कि यह सम्मेलन केवल संगठनात्मक बैठक नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता का संदेश देने वाला कार्यक्रम होगा। सम्मेलन में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।

राजनीतिक जानकारों की नजर भी इस सम्मेलन पर टिकी हुई है। माना जा रहा है कि इसके माध्यम से राजद लातेहार और आसपास के क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने और संगठनात्मक आधार को मजबूत करने का प्रयास करेगी।

प्रेस वार्ता में प्रधान सचिव मोहर यादव, प्रदेश सचिव रंजीत यादव, जिला सचिव संतोष यादव, प्रखंड अध्यक्ष नेजाम अंसारी, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राज नारायण गिरी, चेतन यादव सहित कई पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : बब्लू खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.