मारवाड़ी युवा मंच के तत्वावधान में ग्रीन फ़ील्ड अकादमी में खेलकूद प्रतियोगिता, विजेताओं को किया गया सम्मानित
चंदवा : मारवाड़ी युवा मंच, चंदवा शाखा के तत्वावधान में ग्रीन फ़ील्ड अकादमी, चंदवा में शनिवार, 18 जुलाई 2026 को भव्य खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्षा आनंदी सोरेन एवं सह-निदेशिका अनुराधा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के तहत आयोजित वॉलीबॉल मुकाबले में ग्रुप A ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि ग्रुप B उपविजेता रहा।
म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में श्रेया पाठक ने प्रथम, प्रियंका कुमारी ने द्वितीय तथा कीर्ति कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।इस अवसर पर विक्रम शर्मा ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी विकसित करते हैं। वहीं निदेशक अरविंद कुमार सिंह ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए वृक्षारोपण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.