बालूमाथ विद्यालय परिसर में छात्र का खतरनाक बाईक स्टंट, वीडियो वायरल
बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीयकृत उच्च विद्यालय, बालूमाथ में एक छात्र द्वारा विद्यालय परिसर के अंदर खतरनाक बाईक स्टंट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक छात्र विद्यालय परिसर के अंदर मोटरसाइकिल से स्टंट करता दिखाई दे रहा है। वहीं, इससे मिलता-जुलता एक अन्य वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्कूल ड्रेस पहने एक छात्र बालूमाथ–मगध ट्रांसपोर्टिंग सड़क पर ग्रीन चेक शर्ट और ग्रीन पैंट पहने और होंडा मोटरसाइकिल का अगला पहिया उठाकर तेज रफ्तार में स्टंट करता नजर आ रहा है। इस तरह की लापरवाही से छात्र स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी जोखिम में डाल रहा है। मामले को लेकर विद्यालय की प्रधानाचार्या रूबी बानो ने बताया कि विद्यालय परिसर में स्टंट करने वाले छात्र की पहचान की जा रही है। दोषी छात्र के विरुद्ध विद्यालय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे मामले की लिखित शिकायत बालूमाथ थाना में भी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में थाना प्रभारी से बातचीत हो चुकी है।विद्यालय प्रशासन ने छात्रों एवं अभिभावकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें तथा इस प्रकार के खतरनाक स्टंट से बचें,क्योंकि ऐसी लापरवाही किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
रिपोर्टर : मो० अरबाज
No Previous Comments found.