देवघर जाने वाले कांवरियों की सेवा के लिए लातेहार से रवाना होगा 13वां सेवा शिविर
लातेहार - सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर जाने वाले कांवरियों की सेवा के लिए आलोक मोहन स्मृति सेवा आश्रम, लातेहार इस वर्ष भी सेवा शिविर लगाएगा। संस्था का यह 13वां सेवा शिविर होगा। आगामी 26 जुलाई को आश्रम के सेवादार एवं स्वयंसेवक देवघर के खिजूरिया के लिए रवाना होंगे। इसकी जानकारी संस्था के संस्थापक रामनाथ अग्रवाल एवं संयोजक श्याम किशोर अग्रवाल ने श्रीराम वाटिका में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह तथा नगर पंचायत उपाध्यक्ष संतोष रंजन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। संस्थापक रामनाथ अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2014 से यह सेवा शिविर लगातार लगाया जा रहा है। केवल कोरोना काल के एक वर्ष को छोड़कर प्रत्येक वर्ष कांवरियों की सेवा की गई है। इस वर्ष शिविर बाबा बैद्यनाथ मंदिर से लगभग पांच किलोमीटर पहले कांवड़िया पथ स्थित खिजूरिया गांव के समीप लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर में कांवरियों के लिए सुबह 5 बजे से पानी, चाय एवं अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी। सुबह 9 बजे से 11 बजे तक रामायण और महाभारत धारावाहिक का सीधा प्रसारण होगा। 11 बजे से 2 बजे तक भगवती जागरण एवं धार्मिक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। वहीं दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
संस्था के सदस्य संजय तिवारी ने कहा कि आलोक मोहन स्मृति सेवा आश्रम वर्षों से निःस्वार्थ भाव से कांवरियों की सेवा कर रहा है। यह सेवा शिविर श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ समाज में सेवा और समर्पण की भावना को भी मजबूत करता है।
प्रेस वार्ता के दौरान कांवरिया सेवा शिविर से संबंधित पत्रक भी जारी किया गया। इस अवसर पर मुरली प्रसाद अग्रवाल,महेंद्र प्रसाद शौंडिक,संजय अग्रवाल,राजेंद्र पासवान,अमित किशोर सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - बब्लू खान
No Previous Comments found.