मनिका में 77वां वन महोत्सव आयोजित, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण पर दिया गया जोर।
लातेहार - मनिका प्रखंड के मटलौंग पंचायत स्थित वन रोपण स्थल पर रविवार को 77वें वन महोत्सव का आयोजन उत्साह और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता तथा वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का वन विभाग की ओर से अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, डीएफओ प्रवेश अग्रवाल,डीएसपी वीरेंद्र राम,थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास,प्रमुख प्रतिमा देवी,विधायक प्रतिनिधि दरोगी प्रसाद यादव, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष विश्वनाथ पासवान,कांग्रेस जिला महासचिव सुरेंद्र भारती,कांग्रेस जिला सचिव तस्लीम अंसारी तथा कांग्रेस सेवा दल जिला अध्यक्ष वृंद बिहारी यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि यदि आज हम सभी वृक्षारोपण नहीं करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हमारी सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है। हमें प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से बचते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने सभी लोगों से अपने आसपास हरियाली बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से 40 पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पूर्व मुखिया संजय सिंह, कांग्रेस प्रखंड महासचिव अंजू यादव, कांग्रेस मनिका विधानसभा अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव, कांग्रेस मीडिया प्रभारी सरजू यादव, नंदकिशोर यादव, नरेश राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर - बब्लू खान
No Previous Comments found.