ऑनलाइन गेम में पैसे हारने के बाद रची ट्रैक्टर चोरी की साजिश, गारू पुलिस ने तीन आरोपितों को दबोचा

लातेहार : गारू थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले का सफल उद्भेदन करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गई ट्रैक्टर को बरवाडीह थाना क्षेत्र से बरामद करने के साथ घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मामले का खुलासा सोमवार को महुआडांड़ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी पूजा कुमारी ने प्रेसवार्ता में किया। एसडीपीओ ने बताया कि गारू थाना क्षेत्र के सुरकुमी बेसनाखाड़ निवासी विनोद उरांव की ट्रैक्टर एक जुलाई की रात घर के समीप से चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर गारू थाना कांड संख्या 13/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अधीक्षक गौरव कुमार के निर्देश पर थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने बरवाडीह थाना क्षेत्र से चोरी गई ट्रैक्टर बरामद कर ली। इस दौरान नागदेव रवि उर्फ सुजीत राम (19), सागर राम उर्फ सागर सिंह (52) और रवि यादव (19) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में तीनों आरोपितों ने ट्रैक्टर चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। एसडीपीओ पूजा कुमारी ने बताया कि मुख्य आरोपित नागदेव रवि उर्फ सुजीत राम ऑनलाइन गेम में बड़ी रकम हार गया था। नुकसान की भरपाई के लिए उसने कम समय में अधिक पैसा कमाने की नीयत से ट्रैक्टर चोरी की योजना बनाई। इस योजना में वाहन चलाने और तकनीकी जानकारी रखने वाले सागर राम तथा गारू निवासी रवि यादव ने उसका साथ दिया।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी गई ट्रैक्टर, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (जेएच 03एडब्ल्यू 5998) तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। छापेमारी दल में पुअनि इंद्रदेव राम, जिला पुलिस बल एवं आईआरबी के जवान शामिल थे।

रिपोर्टर - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.