ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप: छात्र-छात्राओं ने मोंगर पंचायत में किया औषधीय पौधों एवं जड़ी-बूटियों का अध्ययन
लातेहार : ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप-2026 के अंतर्गत बनवारी साहू महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को लातेहार प्रखंड की मोंगर पंचायत का भ्रमण कर ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध औषधीय पौधों, जड़ी-बूटियों तथा पारंपरिक ज्ञान का अध्ययन किया। इस अध्ययन दल में पल्लवी कुमार, प्रियांशु लकड़ा, पूनम कुमार एवं काजल कुमारी शामिल थे। छात्र-छात्राओं ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर विभिन्न औषधीय पौधों के उपयोग, स्थानीय उपचार पद्धतियों, जड़ी-बूटियों की पहचान, संरक्षण तथा उनसे जुड़े पारंपरिक ज्ञान का दस्तावेजीकरण किया।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने कई महत्वपूर्ण औषधीय पौधों एवं उनके घरेलू उपयोगों की जानकारी साझा की। विद्यार्थियों ने इन जानकारियों को संकलित कर भविष्य के अध्ययन एवं संरक्षण के उद्देश्य से अभिलेखित किया।
इस दौरान मेंटर के रूप में रंजीत कुमार भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद स्थापित करने, पारंपरिक ज्ञान को व्यवस्थित रूप से संकलित करने तथा अध्ययन कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं सहयोग किया।
विद्यार्थियों ने बताया कि इस प्रकार के क्षेत्रीय अध्ययन से न केवल ग्रामीण नवाचारों और पारंपरिक ज्ञान को समझने का अवसर मिलता है, बल्कि स्थानीय जैव विविधता, औषधीय पौधों के संरक्षण तथा ग्रामीण समाज के ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुँचाने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध स्थानीय ज्ञान, पारंपरिक तकनीकों एवं नवाचारों की पहचान कर उनका दस्तावेजीकरण करना तथा उन्हें समाज और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.