लातेहार में बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों पर सख्ती, सीसीटीवी से 110 चालकों का ऑनलाइन चालान
लातेहार : उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर जिले में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ एक बार फिर सख्त अभियान शुरू कर दिया गया है। अब सीसीटीवी कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वाले चालकों की पहचान कर उनका ऑनलाइन चालान काटा जा रहा है।जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने बताया कि गुरुवार को दोपहर चार बजे तक बिना हेलमेट वाहन चला रहे 110 दोपहिया चालकों का ऑनलाइन चालान किया गया। चालान की प्रति संबंधित वाहन चालकों के मोबाइल नंबर पर भेजी जा रही है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। जिला मुख्यालय के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से जिला नियंत्रण कक्ष से लगातार निगरानी की जा रही है। परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर ऑनलाइन कार्रवाई कर रहे हैं।जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा अपनी सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.