बनवारी साहू महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पी.के. तिवारी ने दिया इस्तीफा, स्वास्थ्य कारणों का दिया हवाला
लातेहार : शहर के बानपुर स्थित बनवारी साहू महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पी.के. तिवारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र महाविद्यालय की सचिव अंजू गुप्ता को सौंप दिया, जिसे सचिव ने स्वीकार कर लिया है।
प्रो. तिवारी ने अपने त्यागपत्र में लिखा है कि उन्हें अंग्रेजी के सहायक प्राध्यापक रहते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया था। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय के विकास और प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) के मूल्यांकन जैसी चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया। इसके अलावा संस्थान के विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों का भी प्रभावी ढंग से निर्वहन किया।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि महाविद्यालय में एक बार फिर नैक मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। वहीं, वे लंबे समय से मधुमेह (डायबिटीज) और उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर) जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। चिकित्सकों ने उन्हें अधिक तनाव और अत्यधिक व्यस्तता से बचने की सलाह दी है।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने प्राचार्य पद के दायित्व से मुक्त करने का अनुरोध किया है ताकि वे केवल अंग्रेजी के सहायक प्राध्यापक के रूप में विद्यार्थियों के पठन-पाठन पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें।
महाविद्यालय की सचिव अंजू गुप्ता ने प्रो. तिवारी का त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है। उनके इस्तीफे के बाद महाविद्यालय में नए प्राचार्य की नियुक्ति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। प्रो. तिवारी के कार्यकाल में महाविद्यालय ने शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक व्यवस्था और नैक मूल्यांकन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं, जिसे महाविद्यालय परिवार की एक बड़ी उपलब्धि माना जाता है।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.