जिला संवेदक संघ की नई कमेटी गठित, शशिभूषण पांडेय बने संरक्षक व राजन तिवारी अध्यक्ष

लातेहार :  जिला संवेदक संघ की बैठक में पुरानी कार्यकारिणी को भंग करते हुए सर्वसम्मति से नई कमेटी का गठन किया गया। बैठक में संगठन को अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने के साथ-साथ संवेदकों की वर्षों से लंबित समस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई। नई कार्यकारिणी में शशिभूषण पांडेय को संरक्षक एवं राजन तिवारी को अध्यक्ष चुना गया। नई कमेटी में रंजीत जायसवाल (हेरहंज), विशाल भास्कर, अयज प्रसाद (नेतरहाट), मो. एहसान (बालूमाथ), ओमप्रकाश गुप्ता (बरवाडीह), अजय कुमार गुप्ता (मनिका), रंजन प्रसाद (सरयू), अरविंद्र कुमार गुप्ता (गारू) और मो. मोजम्मिल को उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं दिलीप कुमार उर्फ पवन को सचिव तथा रविकांत पासवान को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में रॉयल्टी, गिट्टी-बालू की उपलब्धता, लंबित भुगतान और विकास योजनाओं में आ रही बाधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जल्द ही संघ का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिलकर संवेदकों की समस्याओं से अवगत कराएगा तथा शीघ्र समाधान की मांग करेगा।

बैठक में किशोर उपाध्याय, जावेद खान, नीरज सिंह, प्रकाश कुमार, आशु अहमद, मोजम्मिल आलम, अंकित पांडेय, इमदाद आलम, आनंद सिंह, प्रमोद प्रसाद, नवनीत सहित बड़ी संख्या में संवेदक उपस्थित रहे। सभी ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और संवेदकों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। संवेदकों की हर समस्या को मजबूती से उठाएंगे और आवश्यक होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन भी करेंगे। :राजन तिवारी (नवनिर्वाचित अध्यक्ष) राजन तिवारी ने कहा कि जिले के संवेदक लगातार कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। गिट्टी और बालू की उपलब्धता नहीं होने से अनेक सरकारी योजनाएं अधूरी पड़ी हैं, जबकि विभाग समय पर कार्य पूरा करने का दबाव बना रहा है। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि संवेदकों को वैध तरीके से निर्माण सामग्री उपलब्ध हो, ताकि विकास कार्य बाधित न हों। उन्होंने कहा कि संघ संवेदकों की हर समस्या को मजबूती से उठाएगा और आवश्यक होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन भी करेगा। संवेदकों का वर्षों से भुगतान लंबित है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। : विशाल भास्कर (उपाध्यक्ष) विशाल भास्कर ने कहा कि कई संवेदकों का वर्षों से भुगतान लंबित है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। बैंक ऋण, मजदूरी भुगतान और मशीनों के संचालन में भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और संबंधित विभाग जल्द समाधान नहीं करते हैं तो संवेदकों के सामने काम बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। उन्होंने प्रशासन से लंबित बिलों का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की। संवेदकों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो जिला संवेदक संघ चरणबद्ध आंदोलन करेगा। दिलीप कुमार उर्फ पवन (सचिव) संघ के सचिव दिलीप कुमार उर्फ पवन ने कहा कि यदि संवेदकों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो जिला संवेदक संघ चरणबद्ध आंदोलन करेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर जिले में कोई नया टेंडर नहीं भरा जाएगा और किसी भी सरकारी योजना का कार्य नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार संवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से ले और रॉयल्टी, गिट्टी-बालू की उपलब्धता तथा लंबित भुगतान जैसे मुद्दों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करे।।

रिपोर्टर : बब्लू खान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.