पंकज तिवारी झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मनोनीत, लातेहार में सम्मान समारोह आयोजित
लातेहार : लातेहार जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में सोमवार को जिला स्टेडियम स्थित वॉलीबॉल खेल मैदान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह लातेहार जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज तिवारी को 26 जुलाई को आयोजित झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन की वार्षिक आम बैठक में उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन लातेहार जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष नीरज कुमार ने किया। वहीं स्वागत भाषण एवं कार्यक्रम के उद्देश्य पर विस्तृत जानकारी संघ के सचिव प्रवीण मिश्रा ने दी।
अपने संबोधन में प्रवीण मिश्रा ने कहा कि पंकज तिवारी का झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष पद पर मनोनयन लातेहार जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि पंकज तिवारी लंबे समय से जिले में खेलों, विशेषकर वॉलीबॉल के विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में लातेहार के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी जिले में खेल का विकास केवल खिलाड़ियों से नहीं, बल्कि प्रशिक्षकों, खेल संगठनों, प्रशासन और समाज के सामूहिक सहयोग से संभव है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन के मनोनीत उपाध्यक्ष एवं लातेहार जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि लातेहार के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि लातेहार जिले में खेल प्रतिभाओं की भरमार है और आने वाले समय में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले में आवासीय प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और रहने की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि वॉलीबॉल के साथ-साथ अन्य खेलों के विकास के लिए भी आधारभूत संरचना को मजबूत करने की आवश्यकता है। जिला स्टेडियम में खेल सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था और बेहतर खेल मैदान के निर्माण की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि लातेहार के खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि लातेहार के खिलाड़ी राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करें। इसके लिए प्रशिक्षकों, खेल संघों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से एक मजबूत खेल वातावरण तैयार किया जाएगा।
कार्यक्रम को उप प्रमुख राजकुमार प्रसाद, मजदूर नेता दिलेश्वर उरांव, ललित पांडे समेत अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने पंकज तिवारी को झारखंड वॉलीबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किए जाने पर बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके अनुभव एवं सक्रियता से झारखंड में वॉलीबॉल खेल को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर एथलेटिक्स प्रशिक्षक आलोक कुमार सिंह, जिम ट्रेनर आसिफ अली प्रिंस, लातेहार के उप प्रमुख राजकुमार प्रसाद, दिलेश्वर यादव, केकेसी के जिला अध्यक्ष कामिल अंसारी, लातेहार नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र उरांव, प्रदीप यादव, मिथलेश यादव, गोल्डन राजा, खुशबू देवी, मीना देवी समेत जिले के कई खेलप्रेमी, खिलाड़ी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.