संत रविदास जयंती पर काशी से निकली पवित्र कलश यात्रा आज पहुंचेगी लातेहार

लातेहार - संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650 वीं जयंती के उपलक्ष्य में काशी (वाराणसी) से प्रारंभ हुई पवित्र कलश यात्रा गुरुवार को लातेहार पहुंचेगी। यात्रा के आगमन को लेकर जिले में व्यापक तैयारियां की गई हैं। इस संबंध में सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व भाजपा विधायक हरिकृष्ण सिंह ने कहा कि संत गुरु रविदास ने समाज को समता, सामाजिक समरसता, मानव सेवा और भाईचारे का संदेश दिया। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को नई दिशा देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि इस कलश यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के जीवन, विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है।

भाजपा जिलाध्यक्ष बंशी यादव ने बताया कि कलश यात्रा के स्वागत को लेकर पार्टी के सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ तैयारियों में जुटे हैं। यात्रा के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और इसे ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारी की गई है। उन्होंने जिलेवासियों से भी इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष पिंटू रजक ने बताया कि यह कलश वंदन यात्रा 30 अगस्त तक राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में पहुंचेगी। इसके बाद यह यात्रा मंडल और बूथ स्तर तक जाएगी। बूथ स्तर पर कलश की पवित्र मिट्टी से संत रविदास मंदिर अथवा अन्य धार्मिक स्थलों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संत रविदास के बताए मार्ग पर चलकर ही समरस, समानतामूलक और सशक्त भारत का निर्माण संभव है। लातेहार में रात्रि विश्राम के बाद यह यात्रा रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों के लिए रवाना होगी। प्रेस वार्ता में भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश दुबे, जिला मंत्री मुकेश पाण्डेय समेत कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.