राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बच्चों का स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ट्रॉमा सेंटर में रविवार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों में जन्मजात विकृतियों, बाल्यावस्था की सामान्य एवं गंभीर बीमारियों, पोषण संबंधी कमियों तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास में होने वाली देरी जैसी चार प्रमुख श्रेणियों से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की। इसके अलावा बच्चों के हृदय स्वास्थ्य की भी विशेष रूप से जांच की गई। इस अवसर पर चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि यदि किसी बच्चे में तेज या असामान्य हृदय गति, उम्र के अनुसार वजन नहीं बढ़ना, शरीर या होंठों का नीला पड़ना, बार-बार सर्दी-खांसी होना, सांस लेने में तकलीफ या सामान्य से अधिक पसीना आने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो यह जन्मजात हृदय रोग का संकेत हो सकता है। ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उनका समुचित उपचार एवं आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि बच्चों का स्वस्थ एवं बेहतर भविष्य सुनिश्चित किया जा सके। शिविर के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर गौरव सहित चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी एवं कार्यक्रम से जुड़े अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : मो० अरबाज
No Previous Comments found.