दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर लातेहार में ऐतिहासिक पहल
लातेहार - झारखंड आंदोलन के महानायक एवं दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को लातेहार जिला मुख्यालय स्थित कीनामाड़ ग्राम में उनके स्मृति स्थल का अनावरण किया गया। इस अवसर पर कीनामाड़ चौक का नामकरण 'स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक' के रूप में किया गया। फिलहाल चौक पर शिबू सोरेन की तस्वीर स्थापित कर उसका अनावरण किया गया, जबकि शीघ्र ही यहां उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
श्रद्धांजलि अर्पित कर याद किए गुरुजी के संघर्ष
कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष लाल मोतीनाथ शाहदेव ने की। कार्यक्रम की शुरुआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान झामुमो के कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और गुरुजी के संघर्षमय जीवन को नमन किया।
'सिर्फ चौक नहीं, संघर्ष की पहचान बनेगा स्मारक'
अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष लाल मोतीनाथ शाहदेव ने कहा कि शिबू सोरेन की स्मृतियां और उनके आदर्श सदैव जीवित रहें, इसी उद्देश्य से कीनामाड़ चौक पर भव्य स्मारक और आदमकद प्रतिमा स्थापित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह स्मारक केवल एक चौक नहीं होगा, बल्कि झारखंड आंदोलन, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और शोषित-वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई के प्रतीक के रूप में आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु केवल जननेता नहीं थे, बल्कि झारखंड की अस्मिता के सबसे बड़े प्रहरी थे। उनका संपूर्ण जीवन आदिवासियों, मूलवासियों और झारखंड के हितों के लिए समर्पित रहा। उनके नाम पर चौक की स्थापना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है और उनका योगदान सदियों तक याद किया जाएगा।
भाजपा पर बोला हमला, बिहार चुनाव का किया जिक्र
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए झामुमो जिला अध्यक्ष लाल मोतीनाथ शाहदेव ने भाजपा पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार के चुनाव में जनता ने भाजपा को स्पष्ट संदेश दे दिया है। भ्रष्टाचार, बच्चों पर लाठीचार्ज, पेपर लीक और जनविरोधी नीतियों के कारण भाजपा को जनता ने सबक सिखाया है। उन्होंने कहा कि 35 वर्षों का मजबूत गढ़ भी जनता ने छीनकर दिखा दिया। यह तो केवल शुरुआत है, आने वाले समय में पूरे देश से भाजपा का सफाया होगा।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस अवसर पर झामुमो के कार्यक्रम में जिला 20 सूत्री उपाध्यक्ष, केंद्रीय समिति सदस्य अरुण कुमार दुबे, बासुदेव यादव, जिला सचिव बुद्धेश्वर उराव, जिप सदस्य विनोद उरांव, पूर्व विधायक प्रतिनिधि प्रभात कुमार,शमसुल होदा आर्सेन तिर्की, रिंकू कच्छप, सौरभ श्रीवास्तव मनोज यादव जीरा देवी रीना देवी मनोज चौधरी नौशाद आलम अंकित तिवारी पवन कुमार अंकित साव रितेश अग्रवाल जॉनी मनीष कुमार चांदो अहद खान तौकीर आलम अंकित पांडेय,विशाल कुमार आदि मौजूद थे.कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का आह्वान किया।
रिपोर्टर - बब्लू खान
No Previous Comments found.