बालूमाथ में 146 किलो गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 22 लाख रुपये बताई गई कीमत
लातेहार - बालूमाथ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक होंडा सिटी कार से 146 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल होंडा सिटी कार के अलावा रेकी कर रहे एक बोलेरो वाहन को भी जब्त किया है। बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा की ओर से सफेद रंग की होंडा सिटी कार में कुछ लोग गांजा लेकर बालूमाथ के रास्ते बिहार की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ उमेश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में मकईयाटांड़ पुलिस पिकेट के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।इसी दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की होंडा सिटी कार को रोककर तलाशी ली। कार में सवार तीन लोगों से पूछताछ के बाद वाहन की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखे छह बोरों में गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजा का कुल वजन 146 किलोग्राम है। गांजा और होंडा सिटी कार को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के रहने वाले हैं और एक सरगना के कहने पर ओडिशा से गांजा लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने का काम करते थे। पुलिस का दावा है कि आरोपी पिछले कई वर्षों से गांजा तस्करी में संलिप्त थे। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर तस्करी के दौरान रेकी कर रहे एक बोलेरो संख्या OR16B7079 वाहन को भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल भईंसल (22 वर्ष) पिता स्व. उद्वव भईंसल, ग्राम बंदवाहल, थाना बनहरपाली, जिला झारसुगुड़ा, ओडिशा, कलामुद्दीन उर्फ सोनू (लगभग 22 वर्ष) पिता स्व. अब्दुल खलील, ग्राम बंदवाहल, थाना बनहरपाली, जिला झारसुगुड़ा, ओडिशा, तथा संतोष बेहरा (33 वर्ष) पिता अशोक बेहरा, ग्राम बंदवाहल, थाना बनहरपाली, जिला झारसुगुड़ा, ओडिशा के रूप में की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से छह बोरा गांजा, एक होंडा सिटी कार, एक बोलेरो वाहन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
छापेमारी टीम में शामिल
छापेमारी अभियान में एसडीपीओ उमेश प्रसाद सिंह, थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा, सब इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, गौतम कुमार, धीरज कुमार सिंह,मनोज कुमार,अभिषेक कुमार सिंह समेत बालूमाथ थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
रिपोर्टर - मो० अरबाज
No Previous Comments found.