लातेहार में मासिक अपराध गोष्ठी, एसपी ने अपराध नियंत्रण और लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन को लेकर दिए निर्देश
लातेहार : पुलिस अधीक्षक, लातेहार के द्वारा सोमवार, 10 अगस्त 2026 को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में बीते माह जिले में घटित सभी महत्वपूर्ण अपराधों की समीक्षा की गई। साथ ही लंबित कांडों के निष्पादन, अपराध नियंत्रण तथा विभिन्न पुलिस कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा हुई।
गोष्ठी के दौरान लंबित पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन, eDAR एंट्री, मालखाना प्रभार तथा CEIR पोर्टल के उपयोग की स्थिति की समीक्षा की गई। गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी ली गई।
इसके अलावा पिछले माह के हत्या, लूट, बलात्कार, पॉक्सो एवं यूडी कांडों में गिरफ्तारी और मामलों के उद्भेदन को लेकर पुलिस पदाधिकारियों द्वारा किए गए प्रयासों की गहन समीक्षा की गई। पिछले एक वर्ष से फरार अपराधियों की दागी पंजी तथा गृहभेदन के मामलों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मासिक अपराध गोष्ठी में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.