JPSC-JSSC परीक्षा में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में आजसू का झारखंड बंद के दौरान प्रदर्शन, समाहरणालय मोड़ पर टायर जलाकर सड़क जाम
लातेहार : JPSC एवं JSSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार और रांची में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में आजसू पार्टी के कार्यकर्ता मंगलवार को झारखंड बंद के दौरान सड़कों पर उतरे। जिला अध्यक्ष अमित कुमार पांडेय के नेतृत्व में आजसू नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय मोड़ के पास टायर जलाकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर आवागमन बाधित कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान आजसू कार्यकर्ताओं ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
आजसू जिलाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने कहा कि जब तक छात्रों की मांगें पूरी नहीं की जातीं, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज की कार्रवाई को उन्होंने सरकार की नाकामी और बर्बरतापूर्ण कार्रवाई बताया।
जाम की सूचना मिलने पर अंचल निरीक्षक उमेश प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। मौके पर आजसू पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.