रांची लाठीचार्ज के विरोध में चंदवा में भाजपा का जोरदार प्रदर्शन, एक घंटे तक इंदिरा गांधी चौक जाम
चंदवा : रांची में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आहूत झारखंड बंद का असर मंगलवार को चंदवा में भी देखने को मिला। बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए करीब एक घंटे तक सड़क जाम कर दी। सड़क जाम होने से एनएच-75 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने JSSC-CGL परीक्षा को रद्द करने, JPSC से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा पूरे प्रकरण की CBI जांच कराने की मांग उठाई। इसके अलावा रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की गई।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र अपने भविष्य और परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनकी समस्याओं का समाधान बातचीत और निष्पक्ष जांच के माध्यम से किया जाना चाहिए। लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना उचित नहीं है। सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के लिए सकारात्मक पहल करनी चाहिए।
इधर, सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस के काफी समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारी सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और चंदवा स्थित पथ निर्माण विभाग परिसर में बनाए गए कैंप जेल में भेज दिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा मंडल अध्यक्ष रिकी वर्मा और आशीष सिंह कर रहे थे। मौके पर विधायक प्रतिनिधि रवि राज, सांसद प्रतिनिधि दीपक निषाद, मंटू केसरी, संतु गुप्ता, चिकेश्वर यादव समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। करीब एक घंटे तक चले सड़क जाम के कारण एनएच-75 पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.