छात्र आंदोलन की आड़ में भाजपा ने झारखंड को अराजकता में झोंकने की कोशिश की : सौरभ श्रीवास्तव
चंदवा/रांची : झारखंड में भाजपा द्वारा आहूत राज्यव्यापी बंद को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के फायरब्रांड युवा नेता सौरभ श्रीवास्तव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के शांतिपूर्ण एवं गांधीवादी आंदोलन को राजनीतिक स्वार्थ के लिए हाईजैक कर भाजपा ने पूरे राज्य को अराजकता की स्थिति में धकेलने का प्रयास किया।
सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि जिस छात्र आंदोलन की शुरुआत आमरण अनशन जैसे पूर्णतः अहिंसक और गांधीवादी तरीके से हुई थी, उसे अंततः उग्र विरोध-प्रदर्शन और सड़क जाम तक पहुंचा देना भाजपा की राजनीतिक मंशा को स्पष्ट करता है।
उन्होंने कहा, “छात्रों का आंदोलन अपनी शुरुआत से ही शांतिपूर्ण रहा। आमरण अनशन लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीके से अपनी मांग रखने का माध्यम है। लेकिन भाजपा ने राजनीतिक लाभ के लिए इस आंदोलन को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया और पूरे राज्य में जगह-जगह सड़क एवं यातायात बाधित किया।”
भाजपा के बंद और सड़क जाम के कारण राज्य के कई हिस्सों में आम जनजीवन प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि यातायात बाधित होने से आम यात्रियों, मरीजों और जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा, “जब सड़कें बंद होती हैं तो सिर्फ राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं रुकते, बल्कि आम आदमी रुकता है। मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस रुकती है, नौकरी-पेशा लोग फंसते हैं, विद्यार्थी परेशान होते हैं और जरूरी सेवाओं पर असर पड़ता है।
सौरभ ने कहा कि छात्रों की समस्याओं को राजनीतिक हथियार बनाकर भाजपा अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने में जुटी है।राजनीतिक जमीन खिसकने के बाद छात्रों के कंधे पर बंदूक चला रही भाजपा।
उन्होंने कहा, “भाजपा छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए नहीं, बल्कि अपनी राजनीति चमकाने के लिए सड़क पर उतरी है। शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन को सड़क जाम और टकराव का रूप देना छात्रों के साथ भी अन्याय है और झारखंड की जनता के साथ भी।
JPSC पर भी भाजपा को घेरा
JPSC में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि JPSC से जुड़ी अनियमितताओं के सवाल नए नहीं हैं और पूर्ववर्ती भाजपा सरकारों के कार्यकाल में भी इस तरह के सवाल उठते रहे हैं।
जब भाजपा सत्ता में थी, तब इन सवालों पर उसके नेता चुप्पी साधे बैठे थे। आज जब झारखंड में लोकप्रिय सरकार जनता के हित में काम कर रही है, तो राजनीतिक लाभ के लिए लगातार सरकार को बदनाम करने का अभियान चलाया जा रहा है।”
जनता भाजपा के मंसूबों को समझे और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दे
सौरभ श्रीवास्तव ने कहा, “झारखंड की जनता को भाजपा के इस राजनीतिक खेल को समझने की जरूरत है। छात्रों के नाम पर राजनीति करने और जनता की परेशानी बढ़ाने की राजनीति को जनता स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा को यदि वास्तव में छात्रों की चिंता है, तो वह सड़क जाम और बंद की राजनीति छोड़कर समाधान की राजनीति करे।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.