डेढ़टंगवा घाटी हादसे में सात मौतों पर झारखंड दैनिक मजदूर यूनियन ने जताया शोक, सड़क चौड़ीकरण व डिवाइडर लगाने की मांग

चंदवा : मंगलवार को झारखंड दैनिक मजदूर यूनियन, चंदवा की एक बैठक यूनियन कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अलाउद्दीन पप्पू ने की। बैठक में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के दिन चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदवा-लोहरदगा मार्ग के डेढ़टंगवा घाटी में हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष प्रमोद साहू ने कहा कि चंदवा-लोहरदगा मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। डेढ़टंगवा घाटी अब ‘मौत की घाटी’ बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को हुई दुर्घटना बेहद भयावह थी, जिसमें बाइक और ऑटो के परखच्चे उड़ गए तथा सात लोगों की जान चली गई।

उन्होंने इस मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर तत्काल रोक लगाने संबंधी आदेश जारी किए जाने को लेकर लोहरदगा एवं लातेहार जिला प्रशासन का आभार जताया। साथ ही सरकार से मांग की गई कि दुर्घटना संभावित घाटी क्षेत्रों में सड़क का चौड़ीकरण कराया जाए तथा आवश्यक स्थानों पर डिवाइडर लगाए जाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सके।

बैठक में अनिल कुमार साहू, धनेश्वर तुरी, ओमप्रकाश साहू, गोविंद गझु, मछिंदर लोहरा, अंजय कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.