कांग्रेस मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की मनाई गई जयंती
महुआडांड़ : महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत कांग्रेस प्रखंड कार्यालय में बुधवार, 20 अगस्त 2026 को भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस मंडल अध्यक्ष नुरुल हसन अंसारी ने की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजित पाल कुजूर ने स्व. राजीव गांधी के जीवन और देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को हुआ था। वे भारत के सातवें प्रधानमंत्री थे और 1984 में अपनी माता एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के निधन के बाद देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश के आधुनिकीकरण, कंप्यूटर, सूचना प्रौद्योगिकी एवं दूरसंचार के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने के लिए मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की गई। शिक्षा के क्षेत्र में जवाहर नवोदय विद्यालयों की स्थापना तथा पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में भी उनके कार्यों को हमेशा याद किया जाता है।
अजित पाल कुजूर ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन देश की एकता, आधुनिक भारत के निर्माण और युवा शक्ति को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित रहा। 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में चुनाव प्रचार के दौरान उनकी हत्या कर दी गई। मरणोपरांत उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया। उनकी जयंती को देशभर में ‘सद्भावना दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिला महासचिव निर्मला कुजूर, कांग्रेस जिला महासचिव रामनरेश ठाकुर, कांग्रेस जिला महासचिव किशोर तिर्की, कांग्रेस प्रखण्ड उपाध्यक्ष नसीम अंसारी, वरिष्ठ नेता बसारत अली, संजय तिग्गा, युवा कांग्रेस प्रखंड सचिव सद्दाम खान, युवा कांग्रेस प्रखंड महासचिव रहमान अहमद, हैरमौन टोप्पो, जिला सोशल मीडिया चेयरमैन लातेहार, आयुष टोप्पो सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.