लातेहार रेलवे स्टेशन के पास 752 ग्राम गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
लातेहार : लातेहार थाना क्षेत्र में गांजा की खरीद-बिक्री की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 752 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार विगत कुछ दिनों से थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर युवकों द्वारा गांजा की बिक्री किए जाने की सूचना प्राप्त हो रही थी।
इसी क्रम में 19 अगस्त 2026 को लातेहार थाना प्रभारी को गुप्तचर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति लातेहार रेलवे स्टेशन से गांजा लेकर तरवाडीह की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक को तत्काल अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लातेहार संदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
गठित टीम ने लातेहार रेलवे स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र के पास चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने महादेव प्रसाद गुप्ता (38 वर्ष), पिता कृष्णा देव प्रसाद, निवासी घांसी टोला, तरवाडीह, थाना एवं जिला लातेहार को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 752 ग्राम गांजा बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने गांजा के अलावा 61 पीस चिलम रोल, 55 पीस चिलम श्राइस रोल, 22 पीस चिलम, तीन प्लास्टिक पाउच में चिलम गिट्टी, दो बंडल प्लास्टिक पाउच तथा एक हरा लाइटर भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपी के नशे के कारोबार से जुड़े होने की आशंका है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
छापामारी टीम में एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, पु०नि० सह थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान, पु०अ०नि० राहुल सिन्हा, पु०अ०नि० रामाकांत गुप्ता, पु०अ०नि० शशि कुमार, पु०अ०नि० राजा दिलावर सहित सहायक पुलिस, लातेहार थाना शामिल रहे।
रिपोर्टर : बबलू खान
No Previous Comments found.