NLC की पर्यावरण जनसुनवाई के विरोध का ऐलान,27 अगस्त को बालूमाथ में जुटेंगे हजारों ग्रामीण
बालूमाथ : बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत धांधू नार्थ कोल परियोजना NLC इंडिया लिमिटेड की प्रस्तावित पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण जनसुनवाई को लेकर बालूमाथ क्षेत्र में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। आजसू प्रखंड अध्यक्ष शंकर उरांव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जनसुनवाई को तत्काल रद्द करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की अनुमति और सहमति के बिना किसी भी प्रकार की जनसुनवाई का पुरजोर विरोध किया जाएगा।शंकर उरांव ने कहा कि ग्रामीणों की ओर से राज्यपाल, उपायुक्त लातेहार तथा बालूमाथ प्रखंड सह अंचल कार्यालय को आवेदन देकर जनसुनवाई रद्द करने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को जनसुनवाई रद्द किए जाने की कोई सूचना नहीं मिली है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनसुनवाई अविलंब रद्द नहीं की गई तो ग्रामीण कड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।उन्होंने बताया कि 27 अगस्त 2026, गुरुवार को धाधू, खरटिया, चितरपुर, नावाडीह, भैंसादोन, हेमपुर और सेमरसोत समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण बालूमाथ प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई के विरोध में प्रदर्शन करेंगे।शंकर उरांव ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों की आजीविका मुख्य रूप से जल, जंगल और जमीन पर निर्भर है। विकास के नाम पर प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन और कंपनी से ग्रामीणों की भावनाओं को गंभीरता से लेते हुए जनसुनवाई रद्द करने की मांग की।उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए प्रशासन को समय रहते ग्रामीणों की मांग पर निर्णय लेना चाहिए।
रिपोर्टर : मो० अरबाज
No Previous Comments found.