एसपी ने किया हेरहंज थाना का औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
लातेहार - गुरुवार को पुलिस अधीक्षक लातेहार ने हेरहंज थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना के महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं पंजियों की बारीकी से जांच की और पुराने एवं लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के लिए एसपी ने रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा सघन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान को और तेज करने का निर्देश पुलिस पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार सक्रिय रहे और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए।
एसपी ने थाना में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और शिकायतों पर नियमानुसार तत्काल कानूनी कार्रवाई करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फरियादियों के साथ पुलिस का व्यवहार संवेदनशील और सहयोगात्मक होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। इस दौरान अपनी समस्याओं को लेकर थाना पहुंचे लोगों से पुलिस अधीक्षक ने मुलाकात की और उनकी समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। एसपी के औचक निरीक्षण से थाना कर्मियों में सक्रियता बढ़ी और पुलिस व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।
रिपोर्टर - बब्लू खान
No Previous Comments found.