गणेशपुर में हाथियों का कहर, तीन एकड़ से अधिक फसल रौंदी, किसानों में दहशत

बालूमाथ :  बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत गणेशपुर पंचायत के पाहनटोला एवं पतरा टोला में रविवार की रात करीब 15 जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने खेतों में लगी मकई और धान की फसल को खाकर और रौंदकर बर्बाद कर दिया. ग्रामीणों के अनुसार हाथियों के झुंड ने करीब तीन एकड़ से अधिक क्षेत्र में लगी फसल को नुकसान पहुंचाया है. घटना के बाद प्रभावित किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का झुंड देर रात गांव के आसपास पहुंचा और खेतों में घुसकर घंटों तक फसलों को नुकसान पहुंचाता रहा. हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा. हाथियों के चले जाने के बाद जब किसान सुबह खेतों में पहुंचे तो बड़ी मात्रा में धान और मकई की फसल बर्बाद मिली. हाथियों के उत्पात से प्रभावित किसानों में सूरजदेव भुइयां, हरिन्दन भुइयां, सूरज पाहन, रूपलाल भुइयां, पच्चु भुइयां, सुरेश भुइयां समेत अन्य किसान शामिल हैं. किसानों का कहना है, कि खेती पर ही उनकी आजीविका काफी हद तक निर्भर है. तैयार हो रही फसल के बर्बाद होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. पीड़ित किसानों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल निरीक्षण कर फसल क्षति का आकलन कराने तथा सरकारी प्रावधान के अनुसार उचित मुआवजा देने की मांग की है. ग्रामीणों ने हाथियों के झुंड को आबादी वाले क्षेत्रों और खेतों से दूर रखने के लिए वन विभाग से प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का झुंड लगातार गांवों के आसपास पहुंच रहा है, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है. लोगों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों को समय रहते सतर्क करने की व्यवस्था करने की मांग की है.

रिपोर्टर : मो० अरबाज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.