लातेहार में क्रिकेट स्टेडियम की पहल तेज, 10 एकड़ जमीन की मांग

लातेहार :  जिले में क्रिकेट खेल के विकास को लेकर जिला क्रिकेट संघ ने पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में सोमवार को जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त संदीप कुमार से मिला और क्रिकेट मैदान एवं स्टेडियम निर्माण के लिए 10 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने को लेकर पत्र सौंपा। संघ ने उपायुक्त को सौंपे पत्र में कहा है कि जिले में क्रिकेट के विकास के लिए क्रिकेट का अपना मैदान होना बेहद आवश्यक है। मैदान एवं स्टेडियम उपलब्ध होने से जिले के खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रतियोगिता और अन्य क्रिकेट गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। संघ ने मैदान में क्रिकेट से जुड़ी आवश्यक सभी सुविधाएं बहाल करने की भी बात कही है। पत्र में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ द्वारा राज्यभर में क्रिकेट खेल के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया गया है। जिला क्रिकेट संघ ने स्टेडियम एवं क्रिकेट मैदान के निर्माण के लिए 10 एकड़ जमीन 30 वर्षों की लीज पर उपलब्ध कराने की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त संदीप कुमार ने जिला खेल पदाधिकारी अनिमेष त्रिपाठी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उपायुक्त के निर्देश के बाद जिले में क्रिकेट मैदान और स्टेडियम निर्माण की उम्मीद जगी है। प्रतिनिधिमंडल में जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, वरीय उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह, सचिव अमलेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष विष्णुदेव प्रसाद गुप्ता एवं समाजसेवी रंजीत यादव मौजूद थे।

रिपोर्टर : मो० अरबाज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.