लातेहार साइबर सेल ने 24 मोबाइल खोज निकाले, पुलिस अधीक्षक ने असली मालिकों को सौंपे
लातेहार : गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लातेहार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान में साइबर सेल को लगातार सफलता मिल रही है। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने CEIR पोर्टल के माध्यम से बरामद किए गए 24 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे।
मोबाइल फोन वापस मिलने के बाद संबंधित लोगों ने लातेहार पुलिस और साइबर सेल के प्रति आभार जताया। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों को अपने गुम हुए मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद भी बढ़ी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए तकनीकी माध्यमों का लगातार उपयोग किया जा रहा है। साइबर सेल द्वारा CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइल फोन की जानकारी जुटाकर उन्हें खोजने का प्रयास किया जाता है। पुलिस की तकनीकी टीम के प्रयास से कई गुम मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं।
पुलिस ने लोगों से की अपील
लातेहार पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। गुम मोबाइल की शिकायत संचार साथी के CEIR पोर्टल के माध्यम से दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा अपने नजदीकी थाना में भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
पुलिस ने लोगों से मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखने तथा मोबाइल गुम होने की स्थिति में बिना विलंब शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। इससे गुम मोबाइल को तकनीकी माध्यम से खोजने और बरामद करने में पुलिस को सहायता मिलती है।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.