बालूमाथ में मेगा रक्तदान शिविर बुधवार को, 250 यूनिट रक्त संग्रह का है लक्ष्य
लातेहार - बालूमाथ पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के विलादत बा सहादत के मुबारक अवसर पर मुस्लिम यूथ कमेटी, बालूमाथ के बैनर तले बुधवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित होटल रोज गार्डन में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर को लेकर आयोजकों ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोजक मुस्लिम यूथ कमेटी के अध्यक्ष मुजम्मिल हुसैन ने बताया कि शिविर में लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव समेत जिले एवं प्रखंड के कई प्रशासनिक पदाधिकारी तथा गणमान्य लोग शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 141 यूनिट रक्त संग्रह किया गया था। इस वर्ष आयोजकों ने करीब 250 यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अध्यक्ष ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है, और एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। मुस्लिम यूथ कमेटी ने युवाओं समेत सभी योग्य लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि सामाजिक सहभागिता से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है, और इस वर्ष निर्धारित 250 यूनिट के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है।
रिपोर्टर - मो० अरबाज
No Previous Comments found.