एंबुलेंस चालक की मनमानी,मरीज को रिम्स छोड़ने के एवज में वसूले ₹1500
बालूमाथ : सरकार द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए उपलब्ध कराई गई 108 एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठे हैं। मंगलवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में घायल दो युवकों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया। आरोप है कि मरीज को रिम्स ले जाने के दौरान एंबुलेंस चालक ने रांची ले जाकर छोड़ दिया और भाड़े के नाम पर ₹1500 फोन-पे के माध्यम से ले लिए।घटना के सबंध में मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर शाम बालूमाथ-रांची मुख्य पथ स्थित ब्लॉक ढलान के समीप एक अज्ञात स्कॉर्पियो की टक्कर से सुभाष साव (20) पिता स्व. विजय साव, ग्राम तेलियाडीह, जिला चतरा एवं अमित भुइयां (23) पिता सुरेंद्र भुइयां, बालूमाथ निवासी घायल हो गए।सुभाष बालूमाथ में अपने रिश्तेदार के यहां रहता हैं। दुर्घटना के बाद दोनों को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टर दीपक कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, मरीजों को रांची ले जा रही 108 एंबुलेंस साहू पेट्रोल पंप के समीप करीब डेढ़ किलोमीटर पहुंचने के बाद खराब होकर बंद हो गई। इसके बाद दूसरी 108 एंबुलेंस भेजी गई। आरोप है कि उक्त एंबुलेंस चालक मरीज को रांची ले जाने के बजाय रास्ते में ही छोड़कर चला गया और ₹1500 फोन-पे के माध्यम से ले लिए जो गुंजन कुमार रवि के नाम से है। बताया गया कि बालूमाथ को उपलब्ध 108 एंबुलेंस में से एक को देवघर में कांवड़ यात्रा के लिए भेजे जाने तथा अन्य एंबुलेंस के खराब होने से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा प्रभावित हो रही है। मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग उठ रही है। इस संबंध में लातेहार सिविल सर्जन राजमोहन खालको ने कहा कि मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : मो० अरबाज
No Previous Comments found.