रक्षाबंधन पर अनाथ आश्रम की बच्चियों ने पुलिस और SSB जवानों को बांधी राखी

महुआडांड़ :  रक्षाबंधन के अवसर पर RPS सेवा संस्थान अनाथ आश्रम की बच्चियों ने महुआडांड़ थाना तथा बांसकरचा स्थित SSB कैंप पहुंचकर पुलिस अधिकारियों, जवानों और SSB जवानों की कलाई पर राखी बांधी। बच्चियों ने जवानों के माथे पर तिलक लगाकर उनके स्वस्थ, सुरक्षित और सुखमय जीवन की कामना की।

महुआडांड़ थाना परिसर में थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास समेत पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने बच्चियों का स्वागत किया। बच्चियों ने पुलिसकर्मियों को अपना भाई मानकर राखी बांधी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बच्चियों को उपहार दिए, जिसे पाकर बच्चियों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
वहीं बांसकरचा SSB कैंप में भी रक्षाबंधन को लेकर आत्मीय माहौल रहा। 32वीं वाहिनी के कमांडेंट राजेश कुमार के नेतृत्व में SSB जवानों ने आश्रम की बच्चियों का स्वागत किया। अधिकारी निरंजन कुमार सहित जवानों ने बच्चियों के साथ समय बिताया और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कैंप में बच्चियों के लिए नाश्ता और चाय की व्यवस्था भी की गई।
थाना प्रभारी अमित कुमार रविदास ने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का पर्व है। बच्चियों द्वारा जवानों को राखी बांधना भावुक और सम्मान का क्षण है। वहीं RPS सेवा संस्थान के संचालक कमलेश यादव एवं मुकेश यादव ने पुलिस और SSB जवानों के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाने से बच्चियों को परिवार जैसा अपनापन मिला। यह आयोजन केवल पर्व मनाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चियों और जवानों के बीच स्नेह, विश्वास और भाईचारे का रिश्ता मजबूत हुआ।
मौके पर वनवासी कल्याण केंद्र के अजय उरांव, श्रवण यादव सहित पुलिस एवं SSB के अधिकारी-जवान, समाजसेवी और RPS अनाथ आश्रम की बच्चियां मौजूद थीं।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.