बेंदी पंचायत की जर्जर सड़कों से ग्रामीण परेशान, बरसात में आवागमन ठप होने की शिकायत

लातेहार : लातेहार प्रखंड अंतर्गत बेंदी पंचायत के जेर, गोदना, तुपु, सिमरियाटांड़ समेत विभिन्न गांवों का लातेहार जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी पंकज तिवारी ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने श्री तिवारी को पंचायत की जर्जर सड़कों की स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि बरसात के दिनों में सड़कों की हालत और खराब हो जाती है। कई जगहों पर आवागमन में काफी परेशानी होती है और बारिश के दौरान ग्रामीणों का संपर्क प्रभावित हो जाता है। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा समय-समय पर आश्वासन दिया जाता रहा है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय किए गए वादे महज चुनावी आश्वासन बनकर रह गए हैं।

ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद पंकज तिवारी ने कहा कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से ग्रामीणों को लंबे समय तक वंचित रखना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जर्जर सड़कों के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी कार्यों में भी परेशानी उठानी पड़ रही है। श्री तिवारी ने लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार से मिलकर बेंदी पंचायत के गांवों की सड़क समस्या से अवगत कराया और शीघ्र आवश्यक पहल करते हुए समस्या का समाधान कराने की मांग की। इस अवसर पर लातेहार जिला कामगार कांग्रेस अध्यक्ष कामिल अंसारी, जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष रब्बानी हुसैन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.