चंदवा में सुदेश महतो का जोरदार स्वागत रैयतों व मेन पावर कर्मियों ने सौंपा मांगपत्र

चंदवा - आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो का रविवार को चंदवा के इंदिरा गांधी चौक समेत नगर क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। सुदेश महतो सड़क मार्ग से चंदवा होते हुए बालूमाथ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। इंदिरा गांधी चौक पर आजसू जिलाध्यक्ष अमित पांडेय एवं प्रखंड अध्यक्ष विवेक उर्फ राजा दुबे के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सुदेश महतो का स्वागत किया। वहीं नगर क्षेत्र में जिला प्रवक्ता संजीव कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। युवा आजसू नेता मनोज तुरी ने बुके देकर स्वागत किया ।

इस दौरान स्थानीय रैयतों एवं मेन पावर कर्मियों ने सुदेश महतो से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से अभिजीत प्लांट को अपने आधिपत्य में लेने वाली ओएएसपीएल कंपनी में शेष बचे मेन पावर कर्मियों को पुनः बहाल करने, लंबित वेतन एवं भविष्य निधि (पीएफ) की राशि का भुगतान कराने की मांग की गई। रैयतों एवं मेन पावर कर्मियों ने कंपनी प्रबंधन पर रैयतों के साथ छल करने का आरोप लगाते हुए उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पहल करने की मांग की। समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद सुदेश महतो ने रैयतों को भरोसा दिलाया कि किसी भी रैयत के अधिकार को छीनने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि रैयतों के हित और अधिकारों की रक्षा के लिए जरूरत पड़ी तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा।

मौके पर युवा आजसू नेता मनोज तुरी, मेन पावर संघ के अध्यक्ष चंद्रदेव उरांव, संजीव कुमार, गुरुजी चन्द्रदेव उरांव, सुरेंद्र उरांव, दिलीप उरांव, प्रभु तुरी, निशांत वाष्पति, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आजसू कार्यकर्ता मौजूद थे।

रिपोर्टर - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.