नवरंग चौक–बाजकुम–नावाडीह देमु सड़क बनी तालाब पानी में तैरकर निकलने को मजबूर ग्रामीण

लातेहार - जिला मुख्यालय के नवरंग चौक से बाजकुम, मननचोटाग होते हुए नावाडीह देमु जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क इन दिनों बदहाली की तस्वीर बन गई है। लगातार बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह इतना पानी जमा हो गया है कि पूरा मार्ग तालाब में तब्दील नजर आ रहा है। कई स्थानों पर सड़क की स्थिति ऐसी है कि लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। यह सड़क मणिका, लातेहार और लोहरदगा विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने के साथ-साथ लातेहार और लोहरदगा जिले के बीच महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग का काम करती है। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में सड़क पर आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है।

सड़क की स्थिति देखकर ग्रामीण अब बरसात के मौसम में अपने रिश्तेदारों और परिचितों को भी गांव आने से मना करने लगे हैं। लोगों का कहना है कि सड़क पर जलजमाव और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। इसी मुद्दे को लेकर लातेहार जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी पंकज तिवारी ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर सड़क की बदहाल स्थिति को सामने रखा है। वीडियो के माध्यम से उन्होंने लोगों को सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई और बरसात के दौरान आवागमन में हो रही परेशानी पर चिंता जताई।

ग्रामीणों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा और प्रशासन की अनदेखी के कारण यह महत्वपूर्ण सड़क लंबे समय से बदहाल है। लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द सड़क की मरम्मत कराने तथा जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

रिपोर्टर - बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.