राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी से गूंजा लातेहार पब्लिक स्कूल, जन्माष्टमी समारोह में बच्चों ने बांधा समां
लातेहार : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर लातेहार पब्लिक स्कूल के प्रांगण में भक्ति, संस्कृति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण कर सभी का मन मोह लिया।
बच्चों ने नृत्य, भजन एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी लीलाओं और उनके संदेशों को जीवंत कर दिया। विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों का मन जीत लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन से परिचित कराना रहा। समारोह के माध्यम से बच्चों को प्रेम, सद्भाव, सत्य, कर्म और धर्म के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि “जहां शिक्षा के साथ संस्कार मिलते हैं, वहीं भविष्य का निर्माण होता है।” उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें अपनी समृद्ध भारतीय संस्कृति एवं गौरवशाली परंपराओं से जोड़ते हैं।
मौके पर प्रधानाचार्य ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हमें प्रेम, सत्य, कर्म और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यालय विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति से जोड़ते हुए उनके सर्वांगीण विकास का निरंतर प्रयास कर रहा है।
रिपोर्टर : मोहम्मद अरबाज़
No Previous Comments found.