आरपीएस आवासीय पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
महुआडांड़ (लातेहार)। प्रखंड के ग्राम रामपुर स्थित आरपीएस आवासीय पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, उनकी लीलाओं और भारतीय संस्कृति से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा की आकर्षक वेशभूषा में नजर आए। मुकुट, बांसुरी और पारंपरिक परिधानों में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। श्रीकृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने मंच पर नाटक एवं विभिन्न प्रसंगों की प्रस्तुति दी। वहीं, श्रीकृष्ण जन्म एवं उनकी बाल लीलाओं पर आधारित नाटक के अलावा गीत, नृत्य और भजन सहित कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, आदर्शों, कर्म एवं धर्म के प्रति समर्पण के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं की जानकारी दी गई। विद्यालय के संस्थापक ओम प्रकाश ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता पैदा करना है। मौके पर विद्यालय के सत्यानंद वर्मा, सुजीत कुमार, प्रधानाध्यापक सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - बब्लू खान
No Previous Comments found.