कोल इंडिया के अध्यक्ष बी साइराम ने मगध परियोजना का किया दौरा, उत्पादन लक्ष्य हासिल करने के लिए अधिकारियों को दिया टास्क

बालूमाथ :  कोल इंडिया के अध्यक्ष बी साईराम ने सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, निलेन्दु कुमार सिंह, निदेशक तकनीकी/संचालन सीएस तिवारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीसीएल के महत्वकांक्षी मगध परियोजना का दौरा किया। वह पहले मगध परियोजना कार्यालय के प्रांगण में स्तिथ अवंतिका गेस्ट हाउस पहुँचे, जहाँ पर मगध संघमित्रा क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक राजीव सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। बी साईराम ने मौके पर उपस्थित क्षेत्रीय महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान अध्यक्ष ने विभिन्न मुद्दों जैसे कोयले के उत्पादन, कोयले के संप्रेषण, खदान के विस्तार, मंज़ूरी और ज़मीन से जुड़े मुद्दों, संचालन, सुरक्षा आदि पर चर्चा की तथा उत्पादन, उत्पादकता एवं संप्रेषण बढ़ाने हेतु आवश्यक निर्देश एवं सुझाव दिए। बैठक के बाद अध्यक्ष मगध खदान का निरीक्षण करने पहुँचे, उन्होंने व्यू पॉइंट से खदान को देखा और मौके पर उपस्तिथ क्षेत्रीय महाप्रबंधक से कोयला उत्पादन एवं संप्रेषण में आई कमी, सुरक्षा, विस्थापित क्षेत्र की स्थिति के साथ-साथ खनन के लिए पर्याप्त भूमि की विस्तृत जानकारी ली। क्षेत्रीय महाप्रबंधक ने अध्यक्ष को परियोजना के बारे में विस्तार पूर्वक बताया एवं परियोजना रिपोर्ट की जानकारी दी। बी साईराम ने उत्पादन में आई गिरावट को पूरा करने के लिए एवं विस्थापित क्षेत्र में तेजी से विकास करने और भूमि संबंधी समस्या को भू रैयतों से मिलकर दूर करने का दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षित रूप से कोयला उत्पादन पर जोर दिया एवं स्थानीय अधिकारियों से परियोजना से संबंधित समस्याओं से भी अवगत हुए और समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने हितधारकों के साथ भी बातचीत की और वांछित लक्ष्य प्राप्त करने का विश्वास व्यक्त किया। खदान के निरीक्षण के बाद उन्होंने मगध खदान के अतर्गत निर्माणाधीन एनटीपीसी कोयला कन्वेयर का भी निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत की। इस दौरान क्षेत्रीय महाप्रबंधक राजीव सिंह, महाप्रबंधक संचालन, फुल झा, मगध परियोजना, के परियोजना पदाधिकारी सुधीर कुमार सिन्हा, संघमित्रा परियोजना के परियोजना पदाधिकारी दिलीप कुमार सिंह, अमला अधिकारी खनन शंभू नाथ, खान प्रबंधक राजीव रंजन कुमार, अमला अधिकारी भूमि और राजस्व, एसएन शाह, अमला अधिकारी असैनिक गौरव कुमार तिवारी, नोडल अधिकारी वन और पर्यावरण मनीष सिन्हा, वीपीआर जेनरल मैनेजर श्रीनिवासन रेड्डी सहित सीसीएल और मगध संघमित्रा क्षेत्र के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर : मो० अरबाज

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.