उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर NH-75 पर मरम्मत कार्य जारी
लातेहार : जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और सुचारू बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त लातेहार संदीप कुमार के विशेष दिशा-निर्देश एवं सतत निगरानी में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- (NH-75) पर बड़े पैमाने पर सड़क मरम्मत एवं गड्ढा-मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है।
NH-75 के कई स्थानों पर सड़क जर्जर होने एवं गड्ढे बन जाने के कारण आम राहगीरों, वाहन चालकों एवं स्थानीय ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही सड़क दुर्घटना की संभावना भी बनी हुई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभाग (पथ निर्माण विभाग / NHAI) के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क को पूरी तरह मोटरेबल बनाने का निर्देश दिया था।
निर्देश के आलोक में की गई कार्रवाई:-
NH-75 पर चिन्हित सभी जर्जर एवं गड्ढे वाले स्थानों पर बिटुमिनस पैचिंग एवं रोलिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
सड़क किनारे जल जमाव को रोकने के लिए नालियों की सफाई एवं लेवलिंग का कार्य भी साथ-साथ किया जा रहा है।
कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अभियंताओं की टीम स्थल पर मौजूद रहकर कार्य की मॉनिटरिंग कर रही है।
उपायुक्त द्वारा प्रतिदिन कार्य प्रगति की समीक्षा की जा रही है।
उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि जिले के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। NH-75 लातेहार की लाइफलाइन है। इसे हर हाल में गड्ढा-मुक्त और सुरक्षित बनाया जाएगा। कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाएगा।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.