वीबी-जी राम-जी योजना में फर्जीवाड़े पर बड़ी कार्रवाई, चार मेठ बर्खास्त, तीन रोजगार सेवकों से मांगा स्पष्टीकरण

बालूमाथ : सरकार द्वारा संचालित वीबी-जी राम-जी(VB-G RAM-G) योजना में मजदूरों की फर्जी तस्वीरें अपलोड कर उपस्थिति दर्ज कराने के मामले में बालूमाथ प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव ने संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर चार मेठ को बर्खास्त कर दिया है। वहीं, संबंधित पंचायतों के तीन रोजगार सेवकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जानकारी के अनुसार,बालू पंचायत के बालू गांव में रुकसाना बीबी की जमीन पर आम बागवानी योजना में मेठ जासमीन बीबी द्वारा NMMS के माध्यम से मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की गई थी। इसी तरह मासियातू पंचायत के लक्ष्मीपुर में रामसहाय लोहरा की जमीन पर मेठ बसंती देवी, बालू गांव में चंदर गंझू की जमीन पर मेठ निशा कुमारी तथा भगेया पंचायत के केरी गांव में फुलमनी देवी की जमीन पर मेठ राज कुमारी द्वारा NMMS के माध्यम से मजदूरों की तस्वीरें अपलोड की गई थीं। जांच के दौरान ये तस्वीरें प्रखंड लॉगिन में डुप्लीकेट मस्टर फोटो के रूप में प्रदर्शित हुईं। इससे प्रथम दृष्टया फर्जी मजदूरों की तस्वीरें अपलोड कर उपस्थिति दर्ज कराने का मामला सामने आया। बीडीओ ने संबंधित मेठों से स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर चारों को बर्खास्त कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से योजना में अनियमितता करने वालों में हड़कंप है। बीडीओ ने स्पष्ट किया है कि योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एनएमएमएस (NMMS) और ऑनलाइन निगरानी व्यवस्था के तहत जांच जारी रहेगी।

रिपोर्टर : मो० अरबाज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.