42 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 जमा करने का आरोप, ग्रामीणों ने जांच की मांग

महुआडांड़ (लातेहार) :  एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के तहत मतदाता सूची में नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 जमा किए जाने को लेकर महुआडांड़ अनुमंडल क्षेत्र के गढ़बूढ़नी पंचायत अंतर्गत पहाड़कापू गांव स्थित बूथ संख्या 317 में विवाद सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि 42 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 जमा किए गए, जबकि संबंधित मतदाता अभी भी गांव में रह रहे हैं।

मामला सामने आने के बाद शनिवार को पहाड़कापू अंजुमन कमेटी के सदर हदीस अंसारी की अध्यक्षता में ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस एसटी जिला अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष भानु प्रसाद, जिला सचिव अजय प्रसाद, जिला महासचिव रामनरेश ठाकुर, कांग्रेस प्रखंड मंडल अध्यक्ष नुरुल हसन अंसारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता राजेंद्र कुमार सोनी एवं ग्राम प्रधान सह भाजपा बूथ सदस्य बताए जा रहे जोगेंद्र खेरवार द्वारा 42 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 जमा कराने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रपत्रों में कुछ मतदाताओं को “पते पर मौजूद नहीं” अथवा “स्थानांतरित” बताया गया है, जबकि वे गांव में निवास कर रहे हैं।

मतदाता अयूब अंसारी ने बताया कि एसआईआर के दौरान उन्होंने आवश्यक दस्तावेज जमा किए थे और 5 अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में उनका नाम भी शामिल था। उनके अनुसार, 4 सितंबर को उन्हें जानकारी मिली कि उनका नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 दिया गया है।

वहीं, मतदाता अख्तरी खातून ने आरोप लगाया कि उनके नाम को मतदाता सूची से हटाने के लिए दिए गए प्रपत्र-7 पर उनकी अनुमति के बिना हस्ताक्षर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि न तो उनकी मृत्यु हुई है और न ही उन्होंने गांव से पलायन किया है।

पहाड़कापू अंजुमन कमेटी के सदर हदीस अंसारी ने बताया कि बूथ संख्या 317 की बीएलओ अनीमा खलखो ने फोन कर 42 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 दिए जाने की जानकारी दी। हदीस अंसारी के अनुसार, मामले की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने इसकी पड़ताल शुरू की और अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग करने का निर्णय लिया।

बीएलओ अनीमा खलखो ने बताया कि ग्राम प्रधान एवं भाजपा बूथ सदस्य बताए जा रहे जोगेंद्र खेरवार द्वारा प्रपत्र-7 के फॉर्म दिए गए थे। उन्होंने कहा कि फॉर्म देखने के बाद उन्हें समझ में आया कि ये मतदाता सूची से नाम हटाने से संबंधित हैं, इसलिए उन्होंने फॉर्म जमा नहीं किए और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।

वहीं, ग्राम प्रधान जोगेंद्र खेरवार ने बताया कि राजेंद्र कुमार सोनी ने उनसे कहा था कि ये 42 फॉर्म कार्यालय की ओर से मिले हैं और उन पर हस्ताक्षर कर बीएलओ के पास जमा करना है।

गढ़बूढ़नी पंचायत की मुखिया रेणु तिग्गा ने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रपत्र दिए गए हैं, वे सभी गांव में रहते हैं। उन्होंने मामले की जांच के लिए उच्च अधिकारियों को आवेदन देने की बात कही।

कांग्रेस एसटी जिला अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर ने कहा कि प्रपत्र-7 के माध्यम से मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि जीवित एवं अपने पते पर रह रहे मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रपत्र दिए गए हैं, तो यह गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

कांग्रेस प्रखंड मंडल अध्यक्ष नुरुल हसन अंसारी ने कहा कि मामले की जानकारी मनिका विधायक रामचंद्र सिंह को दी गई है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की ओर से महुआडांड़ अनुमंडल पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर मामले की जांच एवं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।

महुआडांड़ अनुमंडल पदाधिकारी सुलेमान मुंडरी ने बताया कि उन्हें मामले की सूचना लोगों के माध्यम से मिली है। उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्त होने और मामले की जांच के बाद ही इस संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कराने की बात कही।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रपत्र-7 किसकेc द्वारा और किस आधार पर जमा किए गए, इसकी जांच की जाए तथा यदि किसी मतदाता के नाम हटाने के लिए गलत जानकारी अथवा फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया गया है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

मौके पर उपस्थित: कांग्रेस आदिवासी जिलाध्यक्ष अजीत पाल कुजूर, जिला उपाध्यक्ष भानु प्रसाद, जिला सचिव अजय प्रसाद, जिला महासचिव रामनरेश ठाकुर, कांग्रेस प्रखंड मंडल अध्यक्ष नुरुल हसन अंसारी, प्रखंड उपाध्यक्ष नसीम अंसारी, वरिष्ठ नेता बसारत अली, जब्बार अंसारी, गढ़बूढ़नी पंचायत अध्यक्ष आरिफ अंसारी, पंचायत महासचिव सह अंजुमन कमेटी अध्यक्ष हदीस अंसारी, कांग्रेस पंचायत सचिव मुसाफिर अंसारी, युवा कांग्रेस प्रखंड उपाध्यक्ष सफरूल अंसारी, पंचायत महासचिव सकील अंसारी, युवा कांग्रेस प्रखंड पप्पू खान, युवा कांग्रेस सचिव राजा खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।

रिपोर्टर : बब्लू खान 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.