सुदिव्य सोनू जी के निधन पर झामुमो चंदवा प्रखंड समिति ने आयोजित की शोक सभा
चंदवा, लातेहार : झारखंड मुक्ति मोर्चा, चंदवा प्रखंड समिति के तत्वावधान में आज दिनांक 07 सितंबर 2026 को पथ निर्माण विभाग आई.बी., चंदवा में झारखंड सरकार के मंत्री एवं झामुमो के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय सुदिव्य सोनू जी के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया।
शोक सभा में उपस्थित झामुमो के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय सुदिव्य सोनू जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत सभी ने कुछ क्षण मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय सुदिव्य सोनू जी के संघर्ष, जनसेवा, संगठन के प्रति समर्पण एवं जनहित के लिए किए गए कार्यों को याद किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनका असामयिक निधन झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके विचार, संघर्ष और जनसेवा की भावना हमेशा पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देती रहेगी।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरा परिसर “सुदिव्य सोनू अमर रहें” के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य सोनू जी के विचारों और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
शोक सभा में मुख्य रूप से झामुमो जिला उपाध्यक्ष सितमोहन मुंडा, प्रखंड अध्यक्ष मनोज चौधरी, राजेंद्र भगत, अंकित तिवारी, मोहम्मद सरफराज, प्रखंड उपाध्यक्ष फिरोज राय उर्फ बबलू, ब्रह्मदेव प्रजापति, अश्विनी मिश्रा, असगर अली, सौरभ श्रीवास्तव, मोहम्मद इजहार खान, अंकित कुमार, रोहित अग्रवाल, मनीष कुमार उर्फ चांदो, अवध प्रजापति, कुमार नवनीत, मासूम खान, इरफान आलम, भीम गंझू, सुधीर गंझू, शंकर उरांव, मंसूर अंसारी, केश्वर सिंह,मोहम्मद शकील एवं मोहम्मद एहसान सहित झामुमो के अन्य पदाधिकारी, पंचायत स्तर के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए स्वर्गीय सुदिव्य सोनू जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
रिपोर्टर : बब्लू खान
No Previous Comments found.